नई दिल्ली। शुक्रवार को भारत ने अपना ७५वां गणतंत्र दिवस मनाया। कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने तिरंगा फहराया और सलामी ली। इस दौरान २१ तोपों की सलामी भी दी गई।
परंपरागत रूप से सैन्य बैंड की बजाए इस बार देशभर की १०० महिला सांस्कृतिक कलाकार पारंपरिक वाद्यों के साथ परेड का आगाज किया गया। इस बार की परेड में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की कुल १६ झांकियों ने हिस्सा लिया, जबकि केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की नौ झांकियां भी शामिल हुईं, लेकिन उत्तर प्रदेश की झांकी पर सभी की निगाहें टिकी रहीं, क्योंकि उत्तर प्रदेश की झांकी का भगवान श्रीराम ने बाल स्वरूप में नेतृत्व किया।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल मैक्रों भारत के ७५वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। फ्रांस के ९५ सदस्यीय मार्चिंग दल और ३३ सदस्यीय बैंड दल ने नई दिल्ली में ७५वें गणतंत्र दिवस परेड में भाग लिया। मैक्रों ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे प्रिय मित्र नरेन्द्र मोदी और भारत के लोग। गणतंत्र दिवस पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। आपके साथ होने पर खुशी और गर्व है। आइये, जश्न मनाते हैं!’’
