लाहौर, 16 मई। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक बार फिर पाकिस्तान आर्मी पर हमला बोला है। इमरान का कहना है कि सेना ने उन्हें गिरफ्तार करने का आदेश जारी किया हुआ है। इसके साथ ही तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के मुखिया ने सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
इमरान ने कहा है कि मिलिट्री उनसे व्यक्तिगत दुश्मनी निकाल रही है। इमरान ने यह भी कहा है कि सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की तरफ से उनकी गिरफ्तारी का आदेश जारी किया गया और उनकी पार्टी पर एक्शन लिया जा रहा है। इमरान ने ब्रिटिश अखबार गार्डियन को दिए इंटरव्यू में कई अहम बातें कही हैं।
इमरान ने इंटरव्यू में कहा, ‘यह व्यक्तिगत है और इसक राष्ट्रीय हित से कोई लेना देना नहीं है।’ इमरान इस समय अपने लाहौर वाले घर में हैं। पिछले हफ्ते इस्लामाबाद हाई कोर्ट से गिरफ्तार होने और फिर जमानत मिलने के बाद लाहौर चले गए थे। इमरान की मानें तो बिना किसी शक के वह यह कह सकते हैं कि उनकी गिरफ्तारी के पीछे मिलट्री है।
पाकिस्तान में राजनीतिक प्रतिद्वंदी की गिरफ्तारी कोई नई बात नहीं है। जिस समय इमरान पीएम थे उस समय भी कई विपक्षी नेताओं को जेल भेजा गया था।



