इस्लामाबाद,१० मई। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के वक्त वे इस्लामाबाद हाईकोर्ट में कई मामलों में रियायत मांगने आए थे। इस दौरान पाकिस्तानी रेंजर्स ने हाईकोर्ट के अंदर सरकारी दफ्तर का कांच तोड़कर इमरान खान को गिरफ्तार किया।
इमरान की गिरफ्तारी की खबर के बाद से पूरे पाकिस्तान में समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कई शहरों में आगजनी और हिंसा हुई। पुलिस को क्वेटा में हिंसक भीड़ पर गोलियां चलानी पड़ी। इमरान खान के समर्थकों ने पाकिस्तानी सेना के मुख्यालय पर भी हमला बोला।
इस्लामाबाद, रावलपिंडी, क्वेटा, लाहौर समेत कई शहरों में पीटीआई समर्थक सड़कों पर उतरे और जमकर प्रदर्शन किया। क्वेटा में पुलिस ने पीटीआई समर्थकों पर फायरिंग भी की है। इस घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है।
पाकिस्तानी वायु सेना के मियांवाली एयरबेस पर भी हमला किया गया। समर्थकों ने एयरबेस के बाहर एक विमान के ढांचे को आग भी लगा दी। लाहौर में पाकिस्तानी सेना के कोर हेडक्वार्टर पर हमला हुआ। इसके अलावा पूरे देश में सेना के कई अधिकारियों के घरों पर हमले हुए हैं। ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी विपक्ष के नेता की गिरफ्तारी पर पाकिस्तानी सेना पर हमले हुए हैं।



