148 Views
hit by climate change

जलवायु परिवर्तन की मार

जलवायु परिवर्तन का असर अब दुनिया पर इतनी तेज़ी से दिखने लगा है कि ऐसी आपदाएं अब आम ख़बर जैसी हो गई हैं। असामान्य मौसम तो अब दुनिया भर का अनुभव हो गया है। यूरोप में ठंड के मौसम में इस बार तापमान जितना ऊंचा रहा, वह आश्चर्यजनक ही था। उधर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान इतना नीचे गया, जितना पहले शायद कभी ही होता था। अब एक और ख़बर यह है कि जलवायु परिवर्तन और इंसानी गतिविधियों की वजह से अफ़्रीकी महाद्वीप की पश्चिमी समुद्र तटरेखा पर भारी संकट खड़ा हो गया है। तटीय इलाकों को समुद्र अपनी चपेट में लेता जा रहा है। इससे लोगों की रोजी-रोटी ख़तरे में पड़ गई है। कैमरून, इक्वाटोरियल गिनी, नाईजीरिया, टोगो और बेनिन समेत घाना की सीमा से लगी गिनी की खाड़ी मछली उद्योग के अलावा समुद्री व्यापार का बड़ा मार्ग है। लेकिन अब इस खाड़ी के किनारे बसे देशों में समुद्र का पानी इंसानी बसेरों को निगलने लगा है। कई लोगों के घर समुद्र में समा चुके हैं।
लगातार आने वाले समुद्री ज्वार ने घाना के फुवेमे जैसे समुदायों पर कहर बरपाया है। घर, स्कूल और सामुदायिक केंद्र, सब बह गए हैं और सैकड़ों लोग विस्थापित हो गए हैं। घाना की तट रेखा ५०० किलोमीटर से ज्यादा लंबी है। देश की करीब एक चौथाई आबादी समुद्र के किनारे रहती है। यूनेस्को के एक अध्ययन के मुताबिक घाना के पूर्वी तट की करीब ४० प्रतिशत ज़मीन २००५ से २०१७ के बीच कटाव और बाढ़ की भेंट चढ़ चुकी है। घाना के तटीय क्षेत्र वोल्टा में फुवेमे, कीटा और ऐसे ही १५ बसावटें कभी फलते-फूलते मछुआरों के गांव हुआ करती थीं। अब वहां खेती की ज़मीन पर समुद्र का पानी कब्जा करता जा रहा है। वैसे जानकारों के मुताबिक तटीय कटाव की वजह सिर्फ जलवायु परिवर्तन नहीं है। वजह मानवीय गतिविधियां भी हैं। इलाके में भूजल का अत्यधिक दोहन, रेत का खनन, मैंग्रोव जंगलों की कटाई आदि जैसी गतिविधियां शामिल हैं। जलवायु परिवर्तन और इन सब गतिविधियों ने मिल कर स्थानीय आबादी के लिए अत्यंत गहरा संकट खड़ा कर दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top