रियाद, २७ जून। वैश्विक महामारी कोरोना के शिथित पडऩे के उपरांत सऊदी अरब में पूर्व वर्षों की भांति हज यात्रा पर आने वालों की संख्या में बढ़ोतरी के मद्देनजर हजयात्रियों से पर्यावरण-अनुकूल उपाय बरतने का आग्रह किया गया है। पर्यावरण मंत्रालय ने हज की तैयारी के सिलसिले में पर्यावरण और सार्वजनिक स्वास्थ्य के संरक्षण के लिए हजयात्रियों को पवित्र शहर मक्का और आसपास के क्षेत्रों में पर्यावरण-अनुकूल उपायों को अपनाने का आग्रह किया है।
मंत्रालय ने जागरुकता अभियान के तहत हजयात्रियों को अपनी यात्रा पर निकलने से पहले कुछ आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी है। पर्यावरण-अनुकूल उपायों में एहराम या रिसाइकल करने योग्य कपड़ों से बना सफ़ेद सीमलेस वस्त्र पहनना, डिस्पोजेबल प्लास्टिक पैक के बजाय पुन: प्रयोज्य पानी की बोतलें ले जाना और उच्च गुणवत्ता वाले, टिकाऊ जूते पहनना शामिल है।इसके अलावा यात्रियों को ऊर्जा-बचत करने वाले बिजली के उपकरण ले जाने की भी सलाह दी गयी है।



