97 Views

मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ एशिया के सबसे अमीर शख्स बने गौतम अडानी, दुनिया के अरबपतियों में १२वें नंबर पर पहुंचे

मुंबई ,०७ जनवरी। मुकेश अंबानी को पछाड़ गौतम अडानी अब एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में गौतम अडानी ९७.६ अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ १२वें स्थान पर हैं, जबकि अंबानी १३वें स्थान पर आ गए हैं। अनकी कुल संपत्ति ९७ अरब डॉलर है।
आपको बता दें साल २०२४ की शुरुआत अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी के लिए धमाकेदार रही। पिछले ४ दिन की कमाई में अडानी ने दुनिया के सभी अमीरों को पीछे छोड़ दिया है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक इस साल अबतक अडानी की संपत्ति १३.३ अरब डॉलर बढ़ी है। इसमें से ७.६७ अरब डॉलर तो गुरुवार को ही बढ़ गई। अडानी-हिंडनबर्ग केस में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अडानी ग्रुप के शेयरों में भारी उछाल है और अडानी की संपत्ति में इससे इजाफा हो रहा है।
अडानी अब दुनिया के अमीरों की लिस्ट में २ पायदान ऊपर चढ़कर १२वें पर पहुंच गए हैं। जबकि, मुकेश अंबानी १३वें पायदान पर हैं। अडानी इस साल अब तक के टॉप गेनर हैं। इससे पहले साल २०२३ के वह टॉप लूजर रहे। पिछले साल के टॉप गेनर एलन मस्क इस साल की अब तक की कमाई में टॉप लूजर की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। इस साल अब तक एलन मस्क ने करीब ९ अरब डॉलर गंवाए हैं। बर्नार्ड की संपत्ति में ही १०.८ अरब डॉलर घटकर १६८ अरब डॉलर रह गई है। ये इस साल के टॉप लूजर हैं।
साल २०२३ में जिन अरबपतियों पर डॉलर की बारिश हुई थी, इस बार उनके लिए २०२४ की शुरुआत खराब रही। दुनिया के टॉप-१० अमीरों में केवल वॉरेन बफेट की ही संपत्ति में इस साल इजाफा हुआ है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में टॉप-१० में से ९ अरबपतियों की संपत्ति अभी लाल निशान में है। इनमें सबसे अधिक नुकसान वाले टॉप ३ हैं। बर्नार्ड अर्नाल्ट, एलन मस्क और जेफ बेजोस की कुल संपत्ति में २८ अरब डॉलर गंवा चुके हैं।

Scroll to Top