नईदिल्ली, १७ अगस्त। ऐपल की सप्लायर कंपनी फॉक्सकॉन ने भारत के अपने तमिलनाडु प्लांट में आईफोन १५ का उत्पादन शुरू कर दिया है। रिपोर्ट्स की मानें तो फॉक्सकॉन कुछ ही हफ्ते में नए डिवाइस की डिलीवरी करने की तैयारी में है। भारत में आईफोन के उत्पादन का पैमाना काफी हद तक उन पार्ट्स की उपलब्धता पर निर्भर करेगा जो बड़े पैमाने पर आयात किए जाते हैं।
उत्पादन में तेजी लाने के लिए चेन्नई स्थित प्लांट में प्रोडक्शन लाइनें बढ़ा दी गई हैं। कंपनी १२ सितंबर, २०२३ को नए आईफोन १५ सीरीज की घोषणा कर सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, फॉक्सकॉन द्वारा लगभग ३,३०० करोड़ रुपये के निवेश के साथ हैदराबाद प्लांट में दिसंबर २०२४ तक बड़े पैमाने पर प्रोडक्शन शुरू करने का अनुमान है।
मामले के जानकार लोगों ने बताया कि भारत में अन्य ऐपल आपूर्तिकर्ता – पेगाट्रॉन कॉर्प और एक विस्ट्रॉन कॉर्प फैक्ट्री, जिसे टाटा समूह द्वारा अधिग्रहित किया जा रहा है – भी जल्द ही आईफोन १५ को असेंबल करेंगे।
हालांकि इस मामले में ऐपल के प्रवक्ता और विस्ट्रॉन और पेगाट्रॉन के प्रतिनिधियों ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं फॉक्सकॉन ने भी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
ऐपल ने अपने ताइवानी आपूर्तिकर्ताओं के माध्यम से भारत में लगातार विस्तार किया है, और अधिक उच्च-स्तरीय विनिर्माण लाने के लिए मोदी प्रशासन के कुछ वित्तीय प्रोत्साहनों से लाभान्वित हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार, मार्च में समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में ऐपल को भारत में आईफोन का उत्पादन तीन गुना बढ़ाकर ७ बिलियन डॉलर से अधिक करने में मदद मिली है।
ऐपल, जिसने अप्रैल में देश में अपना पहला खुदरा स्टोर खोला था, अब तेजी से बढ़ते भारत बाजार को खुदरा अवसर और लंबी अवधि में अपने गैजेट्स के लिए एक महत्वपूर्ण उत्पादन आधार दोनों के रूप में देखता है।
जून की तिमाही में, भारत में आईफोन की बिक्री दोहरे अंक में बढ़कर नई ऊंचाई पर पहुंच गई, हालांकि ऐपल ने सटीक संख्या का खुलासा नहीं किया है। अप्रैल में अपनी भारत यात्रा के दौरान मोदी से मुलाकात के बाद मुख्य कार्यकारी अधिकारी टिम कुक ने कहा, कंपनी देश भर में विकास और निवेश के लिए प्रतिबद्ध है।



