162 Views

पाकिस्‍तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान इस्‍लामाबाद हाईकोर्ट के बाहर गिरफ्तार

इस्लामाबाद,०९ मई। पार्थिक कंगाली और राजनैतिक अस्थिरता से गुजर रहे पाकिस्तान में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को इस्लामाबाद हाई कोर्ट के बाहर पाकिस्तान रेंजर्स ने बलपूर्वक गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को इमरान उस समय गिरफ्तार हुए जब वह इस्‍लामाबाद हाई कोर्ट में अपने बायो‍मेट्रिक वेरीफिकेशन के लिए जा रहे थे। इमरान को भ्रष्‍टाचार केस में गिरफ्तार किया गया है। इस्‍लामाबाद पुलिस की तरफ से ट्वीट कर बताया गया कि इमरान की गिरफ्तारी कादिर ट्रस्‍ट केस में हुई है।
इमरान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने आरोप लगाया कि इमरान को पीटा जा रहा है। पार्टी ने खून से लथपथ इमरान के वकील का वीडियो भी पोस्ट किया है।
गौरतलब है कि इमरान की गिरफ्तारी उनकी उस लाहौर रैली के बाद हुई है जिसमें उन्‍होंने सेना पर गंभीर आरोप लगाए थे। इमरान ने अपनी रैली में पूर्व राष्‍ट्रपति आसिफ अली जरदारी और विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो पर निशाना साधा था।
आपको बता दें कि २०१८ में इमरान खान को प्रधानमंत्री फौज ने ही बनवाया था। बाद में आई एस आई चीफ लेफ्टिनेंट जनरल फैज हमीद के ट्रांसफर के मुद्दे पर उनका उस वक्त के आर्मी चीफ जनरल कमर जावेद बाजवा से विवाद हो गया। इसके बाद फौज ने शाहबाज शरीफ का दामन थाम लिया और इमरान की सरकार पिछले साल अप्रैल में गिरा दी।
इसके बाद से खान फौज के खिलाफ बयानबाजी करने लगे। उन्होंने बाजवा को गद्दार तक कहा। रविवार को खान ने एक रैली में फौज के एक बड़े अफसर फैसल नसीर पर कत्ल की साजिश रचने का आरोप लगाया था।
इमरान खान की इस गिरफ्तारी के बाद पाकिस्‍तान में राजनीतिक तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। इमरान खान इस समय अपनी लोकप्रियता के चरम पर हैं और लाखों की तादाद में समर्थकों के साथ रैलियां कर रहे हैं। राजनीतिक विश्‍लेषकों को अब डर सता रहा है कि देश में राजनीतिक हिंसा का दौर शुरू हो सकता है जो गृहयुद्ध में भी बदल सकता है। इसको रोकने के लिए पाकिस्‍तानी सेना देश में मार्शल लॉ भी लगा सकती है। पाकिस्‍तान में नवंबर के आसपास चुनाव होने वाले हैं। इमरान खान को डर है कि उन्‍हें चुनाव में हिस्‍सा लेने से भी रोका जा सकता है। अब इमरान खान को आखिरी उम्‍मीद पाकिस्‍तानी सुप्रीम कोर्ट से है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट भी सेना के इशारे पर ही काम करती है।

Scroll to Top