इस्लामाबाद ,२३ अक्टूबर । पाकिस्तान के अपदस्थ प्रधानमंत्री नवाज शरीफ चार साल तक स्वनिर्वासन की जिंदगी काटने के बाद शनिवार दोपहर पाकिस्तान वापस लौटे। आपराधिक मामलों में पाकिस्तान के कानून के तहत भगोड़ा अपराधी घोषित शरीफ चिकित्सा कराने के नाम पर देश से बाहर गए थे और इस दौरान उन्होंने स्वनिर्वासन का अधिकांश समय लंदन में बिताया।
शरीफ दुबई से इस्लामाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचे। वहां उनके स्वागत के लिए पूर्व कानून मंत्री सीनेटर आजम तरार और उनकी पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के कई और अन्य वरिष्ठ नेता तथा पूर्व प्रधानमंत्री की कानूनी टीम के सदस्य हवाई अड्डे पर पहुंचे थे।
शरीफ के आगमन से पहले तरार ने मीडिया से कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज के आगमन के बाद वह हवाई अड्डे के एक लाउँज में जाएंगे। उनके आने पर अब उनके साथ राजनीतिक और कानूनी मुद्दों पर सलाह मशवरा किया जाएगा। तरार ने यह भी कहा कि कि अदालत के कर्मचारी भी हवाई अड्डे पर पहुंच गए हैं जहां शरीफ के संबंध में ‘सुरक्षा की गारंटी की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।’
कानूनी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए एक हलफनामा आयुक्त और पूर्व डिप्टी मेयर जीशान नकवी भी एयरपोर्ट पर मौजूद थे। बताया गया कि कानूनी टीम शरीफ के अंगूठा निशान और और हस्ताक्षर आदि लेने के लिए उनके विमान के अंदर जाएगी।
नवाज ने दुबई में पाकिस्तान की उड़ान पकडऩे से पहले कहा, वह वापसी करके खुश हैं। शरीफ को अगले साल जनवरी में होने वाले चुनावों से पहले अपनी पार्टी को फिर से मजबूत करने का अभियान शुरू करने से पहले कई कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।



