ओटावा। एक वरिष्ठ सरकारी सूत्र के अनुसार, पूर्व मेंटल हेल्थ एंड एडिक्शन मंत्री कैरोलिन बेनेट डेनमार्क में अगली राजदूत बनने के लिए तैयार हैं। नाम न छापने की शर्त पर सूत्र ने कहा, इस सप्ताह उनकी नियुक्ति की घोषणा की जा सकती है।
बेनेट, जिन्हें पिछली गर्मियों में यह घोषणा करने के बाद कैबिनेट से हटा दिया गया था कि वह दोबारा चुनाव नहीं लड़ेंगी, उन्होंने अभी तक आधिकारिक तौर पर टोरंटो-सेंट पॉल के सांसद के रूप में पद नहीं छोड़ा है।
वह १९९७ से इस राइडिंग के लिए लिबरल सांसद रही हैं, लेकिन उन्होंने पिछले महीने घोषणा की कि वह इस्तीफा दे देंगी और १२ दिसंबर को हाउस ऑफ कॉमन्स में अपना विदाई भाषण दिया।
सूत्र ने कहा, बेनेट की विदाई आधिकारिक होते ही राजनयिक नियुक्ति आगे बढ़ सकती है।
बेनेट और उनके कार्यालय ने इस संबंध में अभी तक कोई बयान या टिप्पणी जारी नहीं की है।
आपको बता दें कि कोपेनहेगन में कैनेडा के वर्तमान राजदूत डेनिस रॉबर्ट हैं, जो २०२१ से इस भूमिका में हैं।
बेनेट हाल ही में मेंटल हेल्थ एंड एडिक्शन (मानसिक स्वास्थ्य और व्यसन) मंत्री थीं। इस पद पर वह लगभग दो वर्षों तक रहीं। इससे पहले उन्होंने क्राउन-स्वदेशी संबंध मंत्री के रूप में लगभग छह साल बिताए थे।
उन्होंने कैनेडा की पहली सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री के रूप में, पॉल मार्टिन की लिबरल सरकार में मंत्री के रूप में भी कार्य किया। राजनीति में प्रवेश करने से पहले, बेनेट टोरंटो में एक पारिवारिक डॉक्टर थी।



