81 Views

पाकिस्तान में दो हमलों में पांच पुलिसकर्मियों की मौत, १२ लोग घायल

पेशावर, २२ जुलाई । पाकिस्तान में आतंकवादियों ने कुछ घंटों के अंतराल में बारा में एक आधिकारिक परिसर और पेशावर के पास एक पुलिस चौकी पर हमला किया। जिसमें पांच पुलिसकर्मी मारे गए और १२ लोग घायल हो गए। घायलों में नौ कर्मचारी और तीन नागरिक शामिल हैं।
अधिकारियों ने कहा कि गुरुवार सुबह करीब ११ बजे बड़ा बाजार से सटे तहसील मुख्यालय परिसर और पुलिस थाने के प्रवेश द्वार पर पुलिसकर्मियों ने दो आत्मघाती हमलावरों को रोका। जिसके बाद पुलिस और आंतकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गयी। जिसमें एक हमलावर की मौत हो गई, जबकि दूसरे ने खुद को उड़ा लिया। विस्फोट से इमारत का एक हिस्सा ढह गया। इमारत के ढहने से तीन पुलिसकर्मी मारे गए और तीन नागरिक सहित दस लोग घायल हो गए।
डीपीओ सलीम अब्बासी ने मीडिया को बताया कि संभावित हमले के बारे में खुफिया जानकारी मिलने के बाद पुलिस हाई अलर्ट पर थी और योजना अनुसार काम कर रही थी, जिससे क्षेत्र को भारी त्रासदी होने से बचाया गया। उन्होंने बताया कि इस परिसर में आमतौर पर बड़ी संख्या में लोग आते हैं, लेकिन संभावित हमले की खुफिया जानकारी के आधार पर किए गए सख्त सुरक्षा इंतजामों के कारण कई लोगों की जान जाने से बच गयी।
पुलिस ने कहा कि एक कार को जब्त किया गया है। ऐसा माना जा रहा है हमलावरों ने हमले वाले स्थान पर पहुंचने के लिए इस कार का इस्तेमाल किया होगा। बारा में सूत्रों ने बताया कि जिस इमारत पर हमला हुआ, उसमें काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (सीटीडी), एक खुफिया एजेंसी और जिला प्रशासन के कार्यालय भी स्थित थे। बम निरोधक इकाई के अधिकारियों ने कहा कि आत्मघाती हमलावरों ने सात से आठ किलोग्राम विस्फोटक का इस्तेमाल किया था। उन्होंने हथगोले के टुकड़े भी बरामद किए हैं।
गौरतलब है कि सीटीडी ने कुछ दिन पहले अक्काखेल क्षेत्र में अलग-अलग खुफिया-आधारित अभियानों के दौरान एक कथित जबरन वसूली गिरोह के चार सदस्यों को मार गिराया था और अन्य १३ को गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि मृतक और हिरासत में लिए गए लोग पेशावर, खैबर और प्रांत के कुछ अन्य हिस्सों में जबरन वसूली के मामलों में शामिल थे।

Scroll to Top