टोक्यो,२४ जून। ग्लोबल मार्केट से सुस्त संकेत मिल रहे हैं। पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी बाजार मिलाजुला कारोबार करके बंद हुए थे। वहीं यूएस फ्यूचर्स में सपाट स्तर पर कारोबार हो रहा है। पिछले कारोबारी सत्र के दौरान यूरोपीय बाजार पर लगातार दबाव बना नजर आया, जिसकी वजह से तीनों सूचकांक लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह एशियाई बाजारों में लगातार दबाव की स्थिति बनी हुई है।
पिछले कारोबारी सत्र के दौरान वॉल स्ट्रीट में मिलाजुला कारोबार होता नजर आया। डाओ जोंस ०.०१ प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ ३३,९४६.७१ अंक के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी और एसएंडपी ५०० इंडेक्स ने ०.३७ प्रतिशत मजबूत होकर ४,३८१.८९ अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसी तरह नैस्डेक १२८.४१ अंक यानी ०.९५ प्रतिशत की तेजी के साथ १३,६३०.६१ अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आपको बता दें कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने साफ किया है कि ब्याज दरों में बढ़ोतरी पहले के मुकाबले नरम होगी। उन्होंने साफ किया है कि महंगाई दरों में जैसे-जैसे कमी आएगी, वैसे-वैसे ब्याज दरों को भी कम किया जाएगा। पॉवेल के इस बयान के बाद अमेरिकी बाजार का उत्साह बढ़ा हुआ नजर आया।
दूसरी ओर यूरोपीय बाजार में पिछले कारोबारी सत्र के दौरान लगातार दबाव की स्थिति बनी रही। बैंक ऑफ इंग्लैंड ने एक बार फिर ब्याज दरों में ०.५० प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है, जिसकी वजह से ब्याज दर २००८ के बाद के सबसे ऊंचे स्तर ५ प्रतिशत तक पहुंच गई है। ब्याज दरों में की गई बढ़ोतरी का असर पिछले कारोबारी सत्र में यूरोपीय बाजार के तीनों सूचकांकों की गिरावट के रूप में नजर आया।



