नईदिल्ली,१६ जनवरी । मौसम विभाग (आईएमडी) ने जो अनुमान लगाया था, ठीक उसी के मुताबिक दिल्ली- एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में शीतलहर की वापसी हो गई है। इसका कारण पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी है जिसने मैदानी इलाकों में ठंड को फिर से बढ़ा दिया है।
रविवार सुबह दिल्ली में औसत तापमान ५ डिग्री तक दर्ज किया गया, जबकि कई इलाकों में पारा ५ डिग्री से भी नीचे गिर गया है। आईएमडी ने चेतावनी भी दी है कि दिल्ली- एनसीआर में न्यूनतम तापमान ३ डिग्री तक भी पहुंच सकता है।
आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली- एनसीआर में सोमवार से शीतलहर चलने और न्यूनतम तापमान के गिरकर करीब ३ डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
आईएमडी की तरफ से ये भी कहा गया है कि दिल्ली- एनसीआर में १६ जनवरी और १८ जनवरी के बीच शीतलहर चलेगी। आयानगर और रिज इलाके में मंगलवार और बुधवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है।



