बीजिंग,०२ अगस्त। चीन में विनाशकारी डोकसुरी टाइफून से तबाही मची है। इस टाइफून से अब तक ११ लोगों की मौत हो गई है और २७ लोग लापता हैं। चीन की राजधानी बीजिंग में पिछले ७० साल में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। इस बारिश से बाढ़ आ गई है और कई इलाके जलमग्न हो गए हैं।
हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रेस्क्यू वर्कर्स ने अब तक १ लाख २७ हजार लोगों को बचाया है। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने जगह-जगह बाढ़ में फंसे लोगों को जल्द बचाने के निर्देश दिए हैं। चीन के फ्लड कंट्रोल डिपार्टमेंट के मुताबिक १३ जिलों के ४४ हजार लोग फिलहाल बाढ़ की चपेट में हैं।
चीन के स्टेट मीडिया हाउस सीसीटीवी ने बताया कि सेना ने चार हेलिकॉप्टर्स को बाढ़ के बीच फंसे लोगों को खाना, रेनकोट और कंबल देने के लिए भेजा है। प्रभावित क्षेत्र के ५ कस्बों में मोबाइल कम्यूनिकेशन तक ठप हो गया था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियोज में तेज बहाव में सड़कों पर बहती गाड़ियों को देखा जा सकता है।
बीजिंग के इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिन में उड़ान भरने वाली ७० फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया है। वहीं, २०१९ में शुरू हुए डाक्सिंग एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली ३०० फ्लाइट्स रद्द की गई हैं। लोगों को घरों के अंदर रहने को कहा गया है।
बाढ़ से चीन की अर्थव्यवस्था को भी नुकसान हुआ है। कई फसलों को नुकसान हुआ है और कई मकान भी तबाह हो गए हैं। सरकार ने बाढ़ से हुए नुकसान को कम करने के लिए राहत और पुनर्वास कार्य शुरू कर दिए हैं।
