87 Views

मोरक्को में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर २,१२२ हुई

मोरक्को ,१२ सितंबर । मोरक्को में आए भीषण भूकंप के बाद से कम से कम २,१२२ लोगों की मौत हो गयी और २,४२१ लोग घायल हो गए हैं। मोरक्को के आंतरिक मंत्रालय ने अपने नवीनतम अपडेट में यह जानकारी दी। मंत्रालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मरने वालों में अल हाउज़ प्रांत में १,३५१, तरौदंत प्रांत में ४९२, चिचौआ में २०१ और मराकेश में १७ लोग शामिल हैं।
मोरक्को के सैनिक और आपातकालीन सेवाएं कथित तौर पर एटलस पर्वत क्षेत्र में सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए संघर्ष कर रही है क्योंकि वहां तक जाने वाली सड़कें गिरे हुए पत्थरों के कारण अवरुद्ध हो गई थीं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अनुमान के अनुसार, इस आपदा ने प्राचीन शहर और उसके बाहरी इलाके में ३००,००० से अधिक लोगों को प्रभावित किया है।
मोरक्कन रेड क्रिसेंट (एमआरसी) ने कहा है कि ज़मीनी स्थिति ने खोज और बचाव प्रयासों के लिए एक बड़ी चुनौती पेश की है, और इसमें मदद के लिए एटलस पर्वत के उन दूरदराज के इलाकों में भारी मशीनरी पहुंचाना एक प्राथमिकता है। एमआरसी ने एक बयान में कहा, जैसे-जैसे लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा रहा था, एमआरसी और अन्य प्रथम उत्तरदाता सबसे गंभीर मामलों की पहचान करने और उसे प्राथमिकता देने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे थे।

Scroll to Top