140 Views

चीनी राजदूत के खिलाफ बोलने वाले नेपाल के पूर्व मंत्री पर जानलेवा हमला

काठमांडू,०८ सितंबर। सत्तारूढ़ नेपाली कांग्रेस के सह महासचिव एवं पूर्व मंत्री महेन्द्र यादव एक जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। यादव की गर्दन पर धारदार खुकुरी से प्रहार किया गया। खून से लथपथ यादव को तत्काल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। बुधवार को काठमांडू के रिपोर्टर्स क्लब में पत्रकारों के साथ वार्ता के बाद बाहर निकलते ही उन पर यह जानलेवा हमला किया गया।
काठमांडू पुलिस के एसपी कुमुद ढुंगेल ने बताया कि हमलावर सापकोटा को पुलिस ने तुरंत ही काबू में कर लिया। हमला क्यों किया गया? इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। इलाज तक रहे डॉक्टरों ने बताया कि खून काफी बहने की वजह से महेन्द्र यादव की हालत गम्भीर बनी हुई है।
महेन्द्र यादव रिपोर्टर्स क्लब में नेपाल में चीन के राजदूत के द्वारा दिए गए बयान का विरोध कर रहे थे। उन्होंने चीनी राजदूत के बयान को कूटनीतिक मर्यादा का उल्लंघन बताते हुए उनसे स्पष्टीकरण लेने की मांग की थी। चीन के राजदूत को अपने हद में रहने और नेपाल को कूटनीतिक ज्ञान नहीं देने की नसीहत भी दी थी।

Scroll to Top