हैदराबाद ,२९ दिसंबर । कांग्रेस ने तेलंगाना में चुनाव प्रचार के दौरान छह गारंटियों का ऐलान किया था। राज्य में सरकार बनने के बाद कांग्रेस उसे पूरा कर रही है। तेलंगाना के गांवों और कस्बों में हजारों लोग मुफ्त सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए अपने आवेदन जमा को सुबह से ही कतार में खड़े हैं।
राज्य सरकार ने गुरुवार को छह गारंटियों के लागू के लिए आवेदन प्राप्त करना शुरू कर दिया है। नई सरकार के सार्वजनिक आउटरीच कार्यक्रम प्रजा पालन के तहत ६ जनवरी तक १६,३९५ स्थानों पर सरकारी अधिकारियों द्वारा आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने रंगारेड्डी जिले के अब्दुल्लापुरमेट में कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस सरकार सभी गारंटी लागू करेगी। यह लोगों की सरकार है। यह किसी एक व्यक्ति या एक वर्ग की सरकार नहीं है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आवेदन प्राप्त करने के लिए १०० परिवारों पर एक काउंटर बनाया गया है। सभी १२,७६९ ग्राम पंचायतों और ३,६२६ नगरपालिका वार्डों में ३१ दिसंबर और १ जनवरी को छोड़कर सभी दिनों में आवेदन प्राप्त किए जा रहे। प्रतिदिन सुबह ८ बजे से दोपहर १२ बजे तक और दोपहर २ बजे से शाम ६ बजे तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
आवेदन गांवों और नगर निगम वार्डों में ग्राम सभाओं में आठ कार्य दिवसों के दौरान प्राप्त किए जाएंगे। सरकार ने कार्यक्रम के संचालन के लिए ३,७१४ अधिकारियों को तैनात किया है। विभिन्न विभागों से आये अधिकारी प्रतिदिन दो गांवों या दो वार्डों का दौरा करेंगे।
सरकार ने सभी जिलों में कार्यक्रम के लिए १० आईएएस अधिकारियों को समन्वयक भी नियुक्त किया है। महालक्ष्मी, रायथु भरोसा, गृह ज्योति, इंदिरम्मा इंदलु और चेयुथा को लागू करने के लिए आवेदन २८ दिसंबर से प्राप्त किए जा रहे हैं। पांच गारंटियों के लिए एक ही आवेदन पत्र है।
छठी गारंटी (युवा विकासम) के लिए शैक्षणिक संस्थानों में आवेदन बाद में प्राप्त किये जायेंगे।



