नई दिल्ली,१९ अक्टूबर । पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का असर कई राज्यों में दिखने लगा है। उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी देखने को मिल रही है। कुमाऊं के इलाकों में ठंड बढ़ गई है। उच्च हिमालयी इलाकों में ताजा बर्फबारी के कारण पहाड़ी इलाकों का पारा २० डिग्री से नीचे चला गया है। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय इलाकों में बर्फबारी हुई है। साथ में ऊंचे पर्वतीय इलाकों में मध्यम बर्फबारी हुई है।
हिमाचल के जनजातीय क्षेत्रों और ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम बर्फबारी हुई है। शिमला, सिरमौर, मंडी, चंबा और कुल्लू की बात करें, तो विभाग की ओर से शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है। यहां कई जगह पारा जीरो डिग्री से भी नीचे रिकॉर्ड किया गया है। विभाग के अनुसार लाहौल और स्पीति, किन्नौर में बर्फ गिरी है। इसके अलावा रोहतांग दर्रा, चूड़धार पर्वतमाला, जलोरी दर्रा और जोत (चंबा) में बर्फ के कारण सफेद चादर बिछी नजर आई है। जम्मू कश्मीर में भी कई जगह बर्फबारी और भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद किया गया है। यहां २०० से अधिक लोग वाहनों समेत फंसे हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार दूसरे दिन भी बारिश और बर्फबारी हुई है। जिसके कारण यहां शीत लहर चल रही है। अधिकारियों की ओर से बताया गया है कि रास्तों को खोलने का काम जारी है। बारिश के कारण इसमें दिक्कत आ रही है। वहीं, शोपियां में पुंछ से कनेक्ट रोड को भी बंद किया गया है। यहां लगातार बर्फबारी हो रही है।



