लंदन,१४ नवंबर। सोमवार को अपने कैबिनेट में बड़ा फेरबदल करते हुए ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने पूर्व प्रधानमंत्री डेविड कैमरन को ब्रिटेन का नया विदेश मंत्री नियुक्त किया है। इसके साथ ही ६ साल बाद डेविड कैमरन की मुख्य राजनीती में वापसी हो गई है।
डेविड कैमरन ने भारतीय मूल के प्रधानमंत्री सुनक की तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ”मैं कुछ व्यक्तिगत निर्णयों से असहमत हो सकता हूं, लेकिन मेरे लिए यह स्पष्ट है कि ऋषि सुनक एक मजबूत और सक्षम प्रधानमंत्री हैं। सुनक कठिन समय में अच्छा नेतृत्व दिखा रहे हैं। मैं उन्हें हमारे देश को आवश्यक सुरक्षा और समृद्धि प्रदान करने में मदद करना चाहता हूं।”
इसके साथ ही सुनक ने भारतीय मूल की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन को मंत्रीमंडल से बर्खास्त कर दिया है। उनकी जगह जेम्स क्लेवरली को गृह मंत्रालय कमान दी गई है। इससे पहले क्लेवरली विदेश मंत्री थे।
दरअसल हाल ही में ब्रेवरमैन ने एक लेख के जरिए आरोप लगाया था कि मेट्रोपॉलिटन पुलिसकर्मी इजरायल-हमास संघर्ष शुरू होने के बाद लंदन में होने वाले प्रदर्शनों से सख्ती से नहीं निपटे। इसको लेकर सुनक पर विपक्षी दल निशाना साध रहे थे।



