138 Views

इजरायल पहुंचे ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक , बोले- आतंकवाद के खिलाफ आपके साथ खड़ा हूं

तेल अवीव ,२० अक्टूबर। कट्टर इस्लामी उग्रवादी संगठन हमास द्वारा हमले के बाद दुनिया भर के देश इजराइल को समर्थन दे रहे हैं। इसी क्रम में इजरायल-हमास संघर्ष के बीच, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक गुरुवार को तेल अवीव पहुंचे। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के बाद युद्धग्रस्त देश का दौरा करने वाले वे दूसरे बड़े नेता बन गए हैं।
एक्स पर एक पोस्ट में सुनक ने कहा, मैं इजऱाइल में हूं, एक देश शोक में है। मैं आपके साथ शोक मनाता हूं और आतंकवाद जैसी बुराई के खिलाफ हमेशा आपके साथ खड़ा हूं। सुनक ने सबसे पहले अपने इजरायली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की, जिसके बाद ब्रिटिश नेता ने अन्य क्षेत्रीय राजधानियों की यात्रा की। अपनी यात्रा से पहले, उन्होंने कहा था, प्रत्येक नागरिक की मौत एक त्रासदी है। और हमास के आतंक के चलते कई लोगों की जान चली गई है।
हमास के घातक हमलों में मारे गए नागरिकों के प्रति प्रधानमंत्री ने अपनी संवेदना व्यक्त की, साथ ही गाजा को जल्द से जल्द मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए दबाव डाला। इस बीच, ब्रिटिश विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली इजऱाइल और गाजा के बीच शांतिपूर्ण समाधान के लिए समर्थन मांगने के लिए आने वाले दिनों में मिस्र, तुर्की और कतर के नेताओं से मिलेंगे।
वह गाजा तक मानवीय पहुंच और हमास द्वारा बंधक बनाए गए ब्रिटिश बंधकों की रिहाई को लेकर एक समझौते पर जोर देंगे। सुनक और क्लेवरली की यात्राएं बुधवार को बाइडेन की इजऱाइल की यात्रा के बाद हो रही है।
बाइडेन ने कहा था कि ऐसा प्रतीत होता है कि विस्फोट फिलिस्तीनी आतंकवादियों द्वारा लॉन्च किए गए एक विफल रॉकेट के कारण हुआ। लेकिन फिलिस्तीनी अधिकारियों ने कहा कि इजरायली हवाई हमले ने अस्पताल को निशाना बनाया। बुधवार को सुनक ने कहा था कि ब्रिटिश खुफिया एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि विस्फोट के पीछे कौन था। उन्होंने सांसदों से कहा कि वे निर्णय लेने में जल्दबाजी न करें।

Scroll to Top