केप वर्डे, १८ अगस्त। अफ्रीकी देश केप वर्डे में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां सवारियों से भरी नाव समंदर में पलट गई। इस हादसे में कम से कम ६० लोगों के मारे जाने की आशंका है और ३८ अन्य को बचा लिया गया है। बताया जा रहा है कि नाव में १०० से अधिक लोग सवार थे। अधिकारियों ने बताया कि ऐसा माना जाता है कि जुलाई में सेनेगल से रवाना हुई एक प्रवासी नाव केप वर्डे के पास पलट जाने से ६० से अधिक लोगों की मौत हो गई।
पश्चिम अफ्रीकी तट से लगभग ६२० किमी (३८५ मील) दूर एक द्वीप राष्ट्र केप वर्डे में मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मछली पकडऩे वाली नाव एक महीने पहले सेनेगल से रवाना हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार, सेनेगल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि गिनी-बिसाऊ के नागरिक सहित ३८ लोगों को नाव से बचाया गया। तट रक्षक ने कहा कि जीवित बचे लोगों और मृतकों की कुल संख्या ४८ थी। स्थानीय मुर्दाघर के कर्मचारी ने कहा कि उसे सात शव मिले हैं।
आपको बता दें कि पिछले साल २०२२ में कैनरी द्वीप तक पहुंचने की कोशिश में ५५९ लोगों की जान गई थी। इस साल के पहले छह महीनों में, कैनरी द्वीप तक पहुंचने की कोशिश में १२६ लोग मारे गए या लापता हो गए।
