164 Views

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को बड़ा झटका, मुंबई और रत्नागिरी की संपत्तियां होंगी नीलाम

मुंबई,२५ दिसंबर । पिछले दिनों पाकिस्तान में रह रहे अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को जहर देने की खबरें सामने आई थीं। हालांकि बाद में इन खबरों को अफवाह बताया गया। अब दाऊद का नाम एक बार फिर से सुर्खियों में है। दरअसल, दाऊद को बड़ा झटका देते हुए उसकी मुंबई और रत्नागिरि स्थित संपत्तियों को नीलाम करने का फैसला लिया गया है। बताया जा रहा है कि दाऊद इब्राहिम की इन संपत्तियों को अगले महीने नीलाम किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, यह नीलामी ५ जनवरी २०२४ को की जाएगी। गौरतलब है कि भारत में मोस्टवांटेड दाऊद इब्राहिम की संपत्ति विदेशी मुद्रा अधिनियम के तहत जब्त की गई थीं। जिन्हें अब नीलाम किया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, दाऊद इब्राहिम की महाराष्ट्र के रत्नागिरी में बंगला और आम का बगीचा है। जिसको जनवरी में नीलाम किया जाएगा। बताया जा रहा है कि दाऊद की रत्नागिरी में स्थित कुल ४ प्रॉपर्टी को नीलाम किया जाएगा। दाऊद की इन संपत्तियों को तस्कर और विदेशी मुद्रा हेरफेर (एसएएफईएमए) द्वारा नीलाम किया जाएगा। आपको बता दें कि ड्रग्स के मामले में राजस्व विभाग ने दाऊद की प्रॉपर्टी को जब्त किया था। इससे पहले भी एसएएफईएमए ने अंडरवर्ल्ड डॉन की मुंबई स्थित प्रॉपर्टी को नीलाम किया गया था।
आपको बता दें कि ये कोई पहला मौका नहीं है जब दाऊद इब्राहिम की संपत्ति को नीलाम किया जा रहा है। इससे पहले भी उसकी ११ संपत्तियों को नीलाम किया गया था। ये नीलामी साल २००० में इनकम टैक्स विभाग की ओर से की गई थी, हालांकि इस नीलामी में कोई भी बोली लगाने के लिए नहीं आया था। हालांकि, पिछले कुछ सालों में जांच एजेंसियां दाऊद की कई प्रॉपर्टी बेचने और खरीदारों को कब्जा दिलाने में कामयाब रही हैं। पांच साल पहले यानी २०१८ में नागपाडा में दाऊद के एक होटल, एक गेस्ट हाउस और एक बिल्डिंग को भी नीलाम किया गया था।
उसी दौर में जांच एजेंसी ने दाऊद की बहन हसीना पारकर के दक्षिण मुंबई स्थित फ्लैट की भी नीलामी की थी। वहीं दिसंबर, २०२० में रत्नागिरी में स्थिर दाऊद के परिवार की १.१० करोड़ की संपत्ति की नीलामी की गई थी। जिसमें दो प्लॉट और एक बंद पड़ा पेट्रोल पंप शामिल था। ये संपत्तियां खेड़ तालुका के लोटे गांव में थी जो दाऊद की बहन बहन हसीना पारकर के नाम पर थी। आपको बता दें कि हसीना पारकर की मौत हो चुकी है।

Scroll to Top