110 Views

बाटला हाउस एनकाउंटर में दोषी आरिज खान को नहीं होगी फांसी, हाईकोर्ट ने सज़ा को आजीवन कारावास में बदला

नई दिल्ली ,१३ अक्टूबर। बाटला हाउस एनकाउंटर मामले में दोषी आरिज खान को मौत की सजा नहीं मिलेगी। दिल्ली हाईकोर्ट ने दोषी आरिज खान को मौत की सजा देने से इनकार करते हुए मौत की सजा को आजीवन कारावास में बदल दिया है। इस मुठभेड़ में दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर मोहन चंद शर्मा की जान चली गई थी। इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने २००८ के बटला हाउस मुठभेड़ मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद आरिज खान को दी गई मौत की सजा की पुष्टि पर शुक्रवार को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
आपको बता दें, १९ सितंबर २००८ को ओखला क्षेत्र में जामिया नगर के बाटला हाउस इलाके में यह एनकाउंटर हुआ था। इस इनकाउंटर को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अंजाम दिया था। दरअसल, १३ सितंबर २००८ को दिल्ली में पांच जगहों पर धमाके हुए। इन सीरियल ब्लास्ट में कम से कम ३० लोगों की मौत हो गई थी, जबकि १०० से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। इन धमाकों से जुड़े आतंकवादियों के संबंध में खुफिया जानकारी मिलने पर दिल्ली पुलिस ने बाटला हाउस में रेड की थी।
इंडियन मुजाहिद्दीन का प्रमुख आतंकवादी आतिफ अमीन साल २००९ में जामा मस्जिद के गेट के पास हुए एनकाउंटर में मारा गया, जिससे आतंकवादी संगठन को भारी नुकसान हुआ। क्योंकि आतिफ अमीन २००८ के दिल्ली सीरियल ब्लास्ट, अहमदाबाद, जयपुर, सूरत और फैजाबाद में हुई आतंकी घटनाओं में शामिल रहा था।
जब दिल्ली पुलिस ने बाटला हाउस के उस घर में दस्तक दी, जहां आतंकवादी छिपे हुए थे तो एनकाउंटर शुरू हो गया। इस एनकाउंटर में दो आतंकवादी मारे गए और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के इंस्पेक्टर मोहन चंद शर्मा भी शहीद हो गए। अन्य आतंकवादियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

Scroll to Top