मुंबई,१२ सितंबर। प्रभास ने अपने करियर में कई लोकप्रिय अभिनेत्रियों के साथ काम किया, लेकिन कुछेक के साथ ही उनकी जोड़ी पर्दे पर जमी। अनुष्का शेट्टी उन्हीं में से एक हैं।जब-जब यह जोड़ी दर्शकों के बीच आई, उनकी केमिस्ट्री दर्शकों को बेहद पसंद आई, वहीं फिल्मों ने भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की। अब हम यह राम कहानी आपको इसलिए सुना रहे हैं कि एक बार फिर अनुष्का और प्रभास की जोड़ी बनने वाली है।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रभास और अनुष्का एक बार फिर रुपहले पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं।इससे भी खास बात यह है कि बाहुबली: द बिगनिंग और बाहुबली: द कंक्लूजन जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में बना चुके निर्माता शोबू यरलागड्डा एक बार फिर प्रभास के साथ पारी खेलने को तैयार हैं।वह अपनी अगली फिल्म में अनुष्का को ही प्रभास की जोड़ीदार बनाना चाहते हैं। उनकी यह फिल्म भी काफी बड़े स्तर पर बनने वाली है।
रिपोर्ट के मुताबिक, शोबू फिल्म में प्रभास और अनुष्का को ही लीड रोल के लिए साइन करना चाहते हैं। उन्होंने इस सिलसिले में दोनों से बातचीत की है। अब उन्होंने इसके लिए रजामंदी दी या नहीं, यह नहीं पता, लेकिन इस खबर से उनके प्रशंसक जरूर उतावले हो गए हैं। दरअसल, बाहुबली के बाद से प्रशंसक प्रभास और अनुष्का को एक बार फिर पर्दे पर साथ देखने को बेताब हैं और अब उनकी यह इच्छा पूरी होने वाली है।
प्रभास और अनुष्का की जोड़ी को बाहुबली में सबसे ज्यादा पसंद किया गया। इसमें जहां प्रभास अमरेंद्र सिंह बाहुबली के रूप में नजर आए, वहीं अनुष्का ने देवसेना की भूमिका निभाई थी।
