जोहानिसबर्ग,०१ सितंबर। दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग में एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस घटना में कम से कम ७३ लोगों के मारे जाने की खबर है, वहीं ५० से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। बताया गया है कि यह आग शहर के मध्य में स्थित बिजनेस डिस्ट्रिक्ट में गुरुवार सुबह लगी।
जोहानिसबर्ग इमरजेंसी मैनेजमेंट सर्विसेज के प्रवक्ता रॉबर्ट मुलाउद्जी ने कहा कि जिस इमारत में आग लगी उसे बेघरों के लिए अनाधिकारिक आवास के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था और इसके लिए कोई आधिकारिक किराए से जुड़ा समझौता भी नहीं था। इतने सारे लोगों के इमारत में एक साथ होने की वजह से राहत-बचाव कार्यों में भी समस्या आ रही है। दमकल विभाग राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत में २०० से ज्यादा लोगों के होने की संभावना है। फिलहाल इस बहु मंजिला इमारत में आग लगने की वजहों का पता नहीं चल पाया है।



