115 Views

एंटीलिया विस्फोटक मामला : सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व पुलिस अधिकारी प्रदीप शर्मा को दी जमानत

नई दिल्ली ,२४ अगस्त । सुप्रीम कोर्ट ने उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर विस्फोटक से भरा एसयूवी रखने और उसके बाद वाहन मालिक मनसुख हिरेन की मौत मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा गिरफ्तार महाराष्ट्र पुलिस के पूर्व ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ प्रदीप शर्मा की जमानत याचिका बुधवार को मंजूर कर ली।न्यायमूर्ति एएस बोपन्ना की अध्यक्षता वाली पीठ ने महाराष्ट्र पुलिस के पूर्व वरिष्ठ पुलिस इंस्पेक्टर द्वारा दायर विशेष अनुमति याचिका पर अपना फैसला सुनाते हुए कहा, हमने अपील स्वीकार कर ली है और जमानत दे दी है।
इस साल जनवरी की शुरुआत में बॉम्बे हाई कोर्ट ने शर्मा की जमानत याचिका यह कहते हुए खारिज कर दी थी कि वह एक प्रभावशाली व्यक्ति है और उसके द्वारा साक्ष्यों से छेड़छाड़ की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, जून में सुप्रीम कोर्ट की एक अवकाश पीठ ने शर्मा को अपनी बीमार पत्नी से मिलने के लिए तीन सप्ताह की अंतरिम जमानत दी थी, जिसे पिछले महीने अदालत ने ०७ अगस्त तक बढ़ा दिया था।
एनआईए ने शर्मा, जिन्हें मुंबई पुलिस का ‘डर्टी हैरी’ कहा जाता है, को सनसनीखेज मामले में ‘मुख्य साजिशकर्ता’ के रूप में नामित किया था। उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के पास २५ फरवरी २०२१ को २० जिलेटिन की छड़ें और एक धमकी भरे नोट के साथ एक एसयूवी मिली थीं। पुलिस ने १० दिन बाद ५ मार्च को ठाणे क्रीक दलदल से एसयूवी मालिक हिरेन का शव बरामद किया।
बड़े पैमाने पर राजनीतिक विवाद पैदा करने वाले दोहरे मामलों को गंभीरता से लेते हुए, एनआईए ने आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की हत्या, धोखाधड़ी, साजिश से संबंधित धाराओं के अलावा शस्त्र अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधियाँ (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराएं लगाईं। राज्य कैडर के १९८३ बैच के एक पूर्व कॉलेज प्रोफेसर से पुलिसकर्मी बने, शर्मा ने तथाकथित ‘एनकाउंटर हत्याओं’ के माध्यम से मुंबई माफिया का सफाया करने के लिए एक जबरदस्त प्रतिष्ठा बनाई।
हालांकि, शर्मा को अंडरवर्ल्ड के साथ कथित संबंधों के लिए २००८ में पुलिस बल से बर्खास्त कर दिया गया था, लेकिन लगभग १० साल बाद उनके खिलाफ आरोप साबित न होने पर उन्हें बहाल कर दिया गया था। उन्होंने सितंबर २०१७ में जबरन वसूली के आरोप में फरार माफिया डॉन दाऊद इब्राहिम कास्कर के छोटे भाई इकबाल इब्राहिम कास्कर को गिरफ्तार करके अपनी दूसरी पारी की धमाकेदार शुरुआत की। उन्होंने शिव सेना में शामिल होने के लिए २०१९ में पुलिस बल छोड़ दिया और पालघर के नालासोपारा निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन असफल रहे।

Scroll to Top