जिनेवा ,०९ नवंबर। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहा है कि ७ अक्टूबर को भड़के इजराइल-हमास संघर्ष में १० हजार से अधिक लोग, यानी कुल आबादी का लगभग ०.५ प्रतिशत, मारे गये हैं। एजेंसी का अनुमान है कि क्षेत्र में औसतन १६० बच्चे हर दिन मर रहे हैं।
अब तक १६ स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी पर मारे गए हैं और डब्ल्यूएचओ गाजा में स्वास्थ्य कर्मियों का समर्थन करने के लिए काम कर रहा है और एक बार फिर उनकी सुरक्षा की गुहार लगा रहा है।
लिंडमियर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के खिलाफ गाजा में १०२ हमले, पश्चिमी तट में १२१ और इजऱाइल में २५ हमले दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने कहा, फिलहाल ईंधन की कमी या क्षति के कारण गाजा में १४ अस्पताल काम नहीं कर रहे हैं।
यह देखते हुए कि हमास द्वारा इजऱाइल के खिलाफ युद्ध छेड़े हुए एक महीना हो गया, डब्ल्यूएचओ अधिकारी ने कहा कि यहूदी राष्ट्र में लोग २०० से अधिक बंधकों के बारे में भयभीत और चिंतित हैं। उन्होंने सभी बंधकों की तत्काल रिहाई के लिए आह्वान दोहराया, जिनमें से कई को तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि गाजा में कुछ डॉक्टर बिना एनेस्थीसिया के ऑपरेशन कर रहे हैं।
लिंडमीयर ने कहा, गाजा में नागरिकों द्वारा सहे जा रहे आतंक को किसी भी तरह से उचित नहीं ठहराया जा सकता है। उन्होंने जीवित रहने के लिए पानी, ईंधन, भोजन और स्वास्थ्य देखभाल की सुरक्षित पहुंच की सख्त आवश्यकता पर जोर दिया।
डब्ल्यूएचओ के प्रवक्ता ने प्रतिदिन लगभग ५०० ट्रकों की सहायता के लिए निर्बाध, सुरक्षित और संरक्षित पहुंच के लिए संयुक्त राष्ट्र के आह्वान को दोहराया।
उन्होंने कहा कि मृत्यु और पीड़ा का स्तर समझना कठिन है।
गाजा स्थित फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, संघर्ष की शुरुआत से लेकर अब तक मरने वालों की संख्या बुधवार सुबह तक १०,३२८ थी, जबकि २४,४०८ लोग घायल हुए थे।
मंत्रालय ने कहा कि कुल मौतों में से ६७ प्रतिशत बच्चे और महिलाएं हैं, मंत्रालय ने कहा कि १,३५० बच्चों सहित लगभग २,४५० लोग लापता बताए गए हैं। आशंका है कि वे मलबे के नीचे फंसे या मृत हो सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, कुल मिलाकर, यहूदी राष्ट्र में लगभग १,४०० इजरायली और विदेशी नागरिक मारे गए हैं।
इनमें से १,१५९ मृतकों के नाम जारी कर दिए गए हैं, जिनमें ८२८ आम नागरिक भी शामिल हैं।
आधिकारिक इजऱायली सूत्रों ने पुष्टि की है कि गाजा में ३० इजऱायली सैनिक भी मारे गये हैं।
