156 Views

अमेरिका में नाइट्रोजन से दी गई मौत पर बवाल

वाशिंगटन। गत दिनों अमेरिका के अलबामा में नाइट्रोजन हाइपोक्सिया का उपयोग करके ५८ वर्षीय केनेथ स्मिथ को मौत की सजा दी गई। यह अमेरिकी इतिहास में पहली बार था कि नाइट्रोजन हाइपोक्सिया से सजा दी गई है। नाइट्रोजन गैस शुरू होने के बाद मौत से पहले स्मिथ काफ़ी देर तक तड़पता रहा। मौत के इस तरीके के बाद एक दुनियाभर में मौत के तरीकों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
मानवधिकार संगठनों इसे बेहद क्रूर बताते हुए कई जगह प्रदर्शन भी किया है। अलबामा के अटॉर्नी जनरल स्टीव मार्शल ने मौत की सजा के इस तरीके का बचाव किया लेकिन केनेथ यूजीन स्मिथ को मृत्युदंड मिलते हुए देखने वाले लोगों का कहना है कि नाइट्रोजन गैस के इस्तेमाल की ये प्रकिया वाकई बहुत क्रूर थी।
स्मिथ के स्पिरिचुअल एडवाइजर (आध्यात्मिक सलाहकार) रेवरेंड जेफ हुड सजा दिए जाने के दौरान वहां मौजूद थे।
एक इंटरव्यू में जेफ ने कहा- यह एक हॉरर शो जैसा था। इसमें करीब २२ मिनट का समय लगा। इस दौरान स्मिथ ने अपनी मुट्ठियां भींच रखी थीं और उसके पैर कांप रहे थे। ऐसा लग रहा था जैसे वो सांस लेने के लिए तड़प रहा हो।
जेफ हुड ने आगे बताया- स्मिथ को देखकर ऐसा लग रहा था, जैसे वो एक मछली है, जिसे पानी से निकाल दिया गया है। वो तड़प रहा था। वहां मौजूद सभी लोगों के चेहरे पर डर था। नाइट्रोजन गैस देते ही स्मिथ करीब ४ मिनट तक छटपटाता रहा। इस दौरान उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।
अमेरिकी मीडिया के मुताबिक स्मिथ को १९८८ में हुई एक हत्या का दोषी पाया गया था। एक पादरी ने स्मिथ से अपनी पत्नी की हत्या कराई थी। २०२२ में स्मिथ को जहरीला इंजेक्शन देकर सजा देने की कोशिश की गई, लेकिन वो बच गया था।

Scroll to Top