तेल अवीव ,१२ अक्टूबर। इजरायल लगातार गाजा पर हवाई हमले कर रहा है। हमास आतंकियों के ठिकानों को तबाह किया जा रहा है। हमास और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध में अलग-अलग देश भी सामने आकर इजरायल के लिए अपना समर्थन दे रहे हैं।
इस बीच इज़रायल रक्षा बल (आईडीएफ) ने कहा कि अमेरिकी हथियारों को ले जाने वाला पहला विमान दक्षिणी इजराइल में उतर गया है। आईडीएफ ने एक्स पर पोस्ट किया, अमेरिकी हथियारों को ले जाने वाला पहला विमान दक्षिणी इजरायल में नेवातिम एयरबेस पर पहुंच गया है।
आईडीएफ ने अपनी पोस्ट में आगे कहा कि इस युद्ध के समय हमारी सेनाओं के बीच सहयोग के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित करना हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है। हालांकि, आईडीएफ ने यह नहीं बताया कि उसे किस प्रकार के हथियार या सैन्य उपकरण मिले हैं।
सूत्रों के अनुसार अमेरिका ने इज़रायल को यूएसएस गेराल्ड आर. फोर्ड, नौसेना का सबसे नया और सबसे उन्नत विमानवाहक पोत भेजा है। अपने लगभग ५,००० नाविकों और युद्धक विमान डेक के साथ, यूएसएस गेराल्ड आर. फोर्ड नौसेना का सबसे उन्नत विमानवाहक पोत माना जाता है। क्रूजऱों और विध्वंसकों के अलावा यह नौसेना की भी निगरानी करेगी।



