वॉशिंगटन, ०६ जून। अमेरिकी सेना ने पिछले हफ्ते ताइवान जलडमरूमध्य में चीन के एक जहाज के ‘असुरक्षित’ तरीके से एक अन्य पोत के सामने आने की घटना का वीडियो सोमवार को जारी किया। हालांकि हादसा टल गया। गौरतलब है कि चीनी नौसेना का एक जहाज अचानक ताइवान जलडमरूमध्य में अमेरिका के एक विध्वंसक पोत के सामने आ गया था, जिसके कारण अमेरिकी जहाज को टक्कर से बचने के लिए अपनी गति धीमी करनी पड़ी थी। यह घटना शनिवार को उस वक्त हुई जब अमेरिकी विध्वंसक पोत यूएसएस चुंग-हून और कनाडाई फ्रिगेट (जंगी जहाज) एचएमसीएस मांट्रियल, ताइवान और चीन के मुख्य भू-भाग के बीच जलडमरूमध्य में तथाकथित ‘फ्रीडम ऑफ नेवीगेशन’ (एफओएन) का इस्तेमाल कर रहे थे।
चीन लोकतांत्रिक रूप से स्व-शासित द्वीप ताइवान पर अपना दावा जताता है और जलडमरूमध्य को अपना विशेष आर्थिक क्षेत्र बताता है, जबकि अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के जहाज नियमित रूप से इस क्षेत्र से गुजरते हैं तथा उनके विमान उड़ान भरते हैं। उनकी दलील है कि यह अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र है। सोमवार को जारी वीडियो में चीनी जहाज अमेरिकी जहाज के रास्ते में आता और फिर मुड़कर उसकी समानांतर दिशा में चलता हुआ दिखाई दे रहा है।



