145 Views

एशियाई चैंपियनशिप ग्रुप बी में अजीत ने हासिल किया पहला स्थान

जिंजु ०९ मई। भारतीय भारोत्तोलक अजीत नारायण और अचिंता श्युली एशियाई चैंपियनशिप में पुरुषों की ७३ किग्रा स्पर्धा के ग्रुप बी में क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर रहे।
अपने पहले सीनियर अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे अजीत ने कुल ३०७ किग्रा (१३९ किग्रा + १६८ किग्रा) भार उठाया, जबकि अचिंता ने ३०५ किग्रा (१४० किग्रा + १६५ किग्रा) भार उठाया।
दोनों भारोत्तोलकों को उनके प्रवेश भार के आधार पर ग्रुप बी सौंपा गया था। उच्चतम प्रवेश भार दर्ज करने वाले भारोत्तोलकों को समूह-ए में रखा जाता है। इसी तरह अन्य भारोत्तोलकों को क्रमश: ग्रुप-बी, ग्रुप-सी आदि में रखा जाता है।
मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन अजीत ने अपने शुरूआती दो स्नैच प्रयासों में १३५ किग्रा और १३९ किग्रा भार उठाया, लेकिन १४१ किग्रा के अपने अंतिम प्रयास में वह असफल रहे।
इसी तरह उन्होंने क्लीन एंड जर्क में १६४ किग्रा और १६८ किग्रा आसानी से उठा लिया, लेकिन १७१ किग्रा के अपने अंतिम प्रयास में वह लडख़ड़ा गये।
इसी बीच, २०२१ जूनियर विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता श्युली ने अपने दूसरे स्नैच प्रयास में १४० किग्रा भार उठाया, जबकि इसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास १४३ किग्रा है।
वह क्लीन एंड जर्क में भी १६५ किग्रा भार उठाने के बाद १६९ और १७१ किग्रा के प्रयास में विफल रहे थे। उन्होंने पिछले साल बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने के लिये क्लीन एंड जर्क में १७० किग्रा भार उठाया था।
भारत ने इस तरह तीन रजत पदकों के साथ विश्व चैंपियनशिप में अपना अभियान समाप्त किया, जिसमें से दो बिंद्यारानी देवी ने और एक यूथ ओलंपिक चैंपियन जेरेमी लालरिनिंगा ने जीता।

Scroll to Top