मुंबई,०७ अक्टूबर। दक्षिण भारतीय सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री नयनतारा को आजकल शाहरुख खान की फिल्म जवान में बहुत पसंद किया जा रहा है। फिल्म ने दुनियाभर में १००० करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है तो वहीं भारत में इसकी कमाई ६०० करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। जवान की सफलता के जश्न के बीच नयनतारा ने अपनी नई फिल्म का ऐलान कर दिया है, जिसका नाम मन्नानगट्टी है। निर्माताओं ने फिल्म का पहला मोशन पोस्टर जारी कर दिया है।
प्रिंस पिक्चर्स ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर मन्नानगट्टी का मोशन पोस्टर जारी किया है। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, पेश है लेडी सुपरस्टार नयनतारा अभिनीत मन्नानगट्टी का फर्स्ट लुक मोशन पोस्टर। मन्नानगट्टी का निर्देशन ड्यूड विक्की द्वारा किया जा रहा है। फिल्म की कहानी भी इन्होंने ही लिखी है। फिल्म मन्नानगट्टी की कहानी १९६० के दशक पर आधारित होगी, जिसकी शूटिंग जल्द शुरू होगी।इसमें योगी बाबू, देवदर्शिनी, गौरी किशन और नरेंद्र प्रसाद जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।
