नयी दिल्ली, १६ अक्टूबर। अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने इतिहास रचते हुए डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड को ६९ रनों से हरा दिया। विश्व कप के तीन मुकाबलों में अफगानिस्तान की यह पहली जीत है। वहीं, इंग्लैंड को अपने तीन मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। विश्व कप इतिहास में यह अफ़ग़ान टीम की केवल दूसरी जीत है।
इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय विश्व कप के मैच में रविवार को यहां टॉस जीत कर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया।
अफ़ग़ानिस्तान की टीम यहां पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर इंग्लैंड के खिलाफ ४९.४ ओवर में २८४ रन पर आउट हो गयी थी। अफगानिस्तान के लिए सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने ५७ गेंद की आक्रामक पारी में ८० रन बनाये। इंग्लैंड के लिए आदिल रशीद ने १० ओवर में ४२ रन देकर तीन विकेट चटकाये।
अफ़ग़ान गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड की पारी को ४०.३ ओवर में २१५ रन पर समेट दिया। अफगानिस्तान की तरफ से मुजीब उर रहमान और राशिद खान ने तीन – तीन विकेट चटकाये। इंग्लैंड के लिए हैरी ब्रुक्स ने सबसे ज्यादा ६६ रन बनाये।



