कोलकाता, 16 मई। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी गठबंधन की रणनीति और सीटों के बंटवारे पर बात की है। ममता के बयान पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हम बंगाल में ही क्यों, जहां जरूरत पड़ेगी वहां टीएमसी के खिलाफ लड़ेंगे। कर्नाटक के चुनाव से पहले ममता बनर्जी ने कभी कहा है कि भाजपा को हराने के लिए कांग्रेस को वोट दो?
दरअसल ममता ने सीएम राज्य सचिवालय नबन्ना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया के सवालों का जवाब में कहा था कि मैं कर्नाटक में कांग्रेस के साथ हूं, लेकिन वो बंगाल में मुझसे लड़ना बंद करे। यह पॉलिसी सही नहीं है। अगर आपको कुछ अच्छा चाहिए तो त्याग भी करना होगा। अगर हम बंगाल की बात करें तो यहां हम बीजेपी का मुकाबला कर सकते हैं। ठीक वैसे ही दिल्ली में आम आदमी पार्टी बीजेपी का मुकाबला कर सकती है। बिहार में नीतीश, तेजस्वी साथ हैं। कांग्रेस और अन्य पार्टियां भी उनका साथ दे सकती हैं, इस बारे में मैं फैसला नहीं ले सकती।
उनकी इसी दलील का जवाब अधिरंजन चौधरी ने दिया है। अधिरंजन ने कहा कि आज कांग्रेस की जीत के बाद ममता बनर्जी को लगने लगा कि बिना कांग्रेस के बंगाल में उनका आगे बढ़ना मुश्किल है, क्योंकि बंगाल में कांग्रेस पार्टी की पकड़ बढ़ती जा रही है।



