नई दिल्ली ,१८ दिसंबर । १३ दिसंबर को संसद की सुरक्षा में हुए उल्लंघन पर विपक्षी दलों की विस्तृत बयान की मांग के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पहली टिप्पणी में इस घटना को बहुत गंभीर करार दिया और कहा कि विस्तृत जांच की जाएगी और इसके पीछे कौन से तत्व हैं इसका पता लगाकर कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस घटना की गंभीरता को कम करके नहीं आंका जाना चाहिए। मोदी ने एक मीडिया हाउस को दिए साक्षात्कार में बताया ,लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं। जांच एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। यह पता लगाना महत्वपूर्ण है कि इसके पीछे कौन से तत्व हैं और उनके उद्देश्य क्या हैं। इस पर बहस करने की कोई जरूरत नहीं है, इसकी विस्तृत जांच होनी चाहिए।
गौरतलब है कि २००१ के संसद हमले की २२वीं बरसी पर १३ दिसंबर को शून्यकाल की कार्यवाही के दौरान दो लोग लोकसभा की आगंतुक गैलरी से कूद गए और पीले रंग का धुआं भी फेंक दिया। उन्हें सांसदों और सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया और दिल्ली पुलिस को सौंप दिया। दिल्ली पुलिस ने संसद के बाहर से दो और लोगों को भी गिरफ्तार किया। मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।



