160 Views
Manoj Bajpayee, Sharmila Tagore's Gulmohar trailer released, emotional tale of entangled family seen

मनोज बाजपेयी, शर्मिला टैगोर की गुलमोहर का ट्रेलर जारी, दिखी उलझे हुए परिवार की भावुक कहानी

मुंबई,१४ फरवरी। मनोज बाजपेयी और शर्मिला टैगोर की फिल्म गुलमोहर बीते कुछ दिनों से चर्चा में है। मनोज ने फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा था कि इस होली पर वह अपने परिवार से मिलाने जा रहे हैं। फिल्म से शर्मिला टैगोर अभिनय की दुनिया में वापसी कर रही हैं और इस वजह से यह फिल्म चर्चा में है। अब फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। यह एक परिवार के जुड़े रहने के संघर्षों की कहानी है।
ट्रेलर की शुरुआत होती है एक बड़े पारिवारिक कार्यक्रम से। इस कार्यक्रम के बीच में शर्मिला का किरदार अपने घरवालों को बताती है कि उसने अपना एक मकान ले लिया है और अब वह वहीं रहेंगी। इसके बाद शुरू होता है फैमिली ड्रामा। एक छत के नीचे रहते हुए घर के हर सदस्य को एक-दूसरे से शिकायत है। साथ ही हर किसी को इसका दुख भी है कि जिंदगी की आपाधापी में कैसे सब एक-दूसरे से दूर हो गए।
गुलमोहर ३ मार्च को डिज्नी+ हॉटस्टार पर रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन राहुल चितेला ने किया है। मीडिया से बातचीत में शर्मिला ने कहा था, गुलमोहर एक पारिवारिक कहानी है, जिससे हर कोई जुड़ा हुआ महसूस करेगा। यह परंपराओं और आधुनिकता के बीच बैलेंस पर आधारित है। इसमें दिखाया जाएगा कि कैसे इनके बीच की जगह आप प्यार की गरमाहट से भर सकते हैं। मुझे इस फिल्म के डिज्नी+ हॉटस्टार पर आने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाओं का इंतजार है।
मनोज ने फिल्म के बारे में कहा था, गुलमोहर के साथ मैंने एक नई चुनौती ली है। यह उससे अलग है, जो मैं आमतौर पर करता आया हूं। गुलमोहर एक ऐसी फिल्म है, जो प्यार, परवाह और आराम से भरी हुई है। यह एक परिवार के अलग-अलग रिश्तों पर आधारित है। यह एक मकान के घर बनने की कहानी है। मैं इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं क्योंकि यह परिवार के साथ देखने के लिए बेहतरीन फिल्म है।

Scroll to Top