नयी दिल्ली, १९ जनवरी। भारत के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक ने आज इंफ्रास्ट्रक्चर बौंड के माध्यम से ९,७१८ करोड़ रुपये जुटाये।
बैंक ने यहां जारी बयान में कहा कि यह उसका दूसरा इंफ्रास्ट्रक्चर बौंड है। १५ वर्षीय इस बौंड पर कूपन दर ७.७० प्रतिशत है। इस राशि का उपयोग इंफ्रास्ट्रक्चर और किफायती आवास की फंडिंग में उपयोग किया जायेगा।
बैंक ने कहा कि उसके इस निर्गम को २.९६ गुना अभिदान मिला है। निवेशकों ने कुल १४,८०५ करोड़ रुपये निवेश के प्रस्ताव दिये। कुल ११८ निवेशकों ने इसमें भाग लिया।
बैंक ने इससे पहले ६ दिसंबर २०२२ को पहले इंफ्रास्ट्रक्चर बौंड के माध्यम से १० हजार करोड़ रुपये जुटाये थे।



