179 Views
Intelligence meeting of army chiefs of Ukraine-US, strategy made on war with Russia

यूक्रेन-अमेरिका के सेना प्रमुखों की खुफिया बैठक, रूस के साथ छिड़ी जंग पर बनाई रणनीति

मॉस्को, १९ जनवरी। रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग को एक साल होने को है। वैश्विक दबाव और तमाम प्रतिबंधों के बावजूद भी रूस इस जंग से पीछे हटने को तैयार नहीं है। ऊपर से वह यूक्रेन पर हमले तेज करता जा रहा है। इसी बीच ऐसा पहली बार है, जब शीर्ष अमेरिकी सैन्य अधिकारी आर्मी जनरल मार्क मिले ने अपने यूक्रेनी समकक्ष से मुलाकात की है।
दोनों सैन्य अधिकारियों के यूक्रेन-पोलैंड सीमा के पास यह मुलाकात हुई। सैन्य प्रमुखों के बीच यह बैठक रूस के साथ छिड़ी जंग के एक साल पूरे होने से ठीक कुछ दिन पहले हुई है। ऐसे में इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अमेरिकी सेना प्रमुख मार्क मिले और यूक्रेन के मुख्य सैन्य अधिकारी जनरल वालेरी जैलुजनी के बीच यह बैठक एक अज्ञात स्थान पर घंटों तक हुई। बता दें, दोनों सैन्य अधिकारियों के बीच इससे पहले कई बार बातचीत हुई है, लेकिन इस तरह वे पहली बार मिले हैं।
दोनों सैन्य प्रमुखों के बीच यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि पश्चिमी देश यूक्रेन को दी जाने वाले सैन्य मदद में तेजी ला रहे हैं। अमेरिका ने हाल ही में यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम भेजा है। वहीं नीदरलैंड ने भी यूक्रेन को पैट्रियट मिसाइल रक्षा प्रणाली भेजेने का एलान किया है।
अमेरिका और यूक्रेन के सैन्य अधिकारियों की मुलाकात के बीच रूस ने दावा किया है कि यूक्रेनी शहर सोलेदार उसके नियंत्रण में हैं। हालांकि, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का कहना है कि सोलेदार और अन्य पूर्वी शहरों में यूक्रेनी सेना का संघर्ष जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top