155 Views
Investigation begins on withdrawal of US forces from Afghanistan, summons documents from Biden administration

अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी की जांच शुरू, बाइडन प्रशासन से दस्तावेज तलब

वॉशिंगटन, १६ जनवरी। अगस्त २०२१ में अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी का मुद्दा एक बार फिर से गरमा गया है। विदेश मामलों पर यूएस हाउस कमेटी ने इसको लेकर जांच शुरू कर दी है और बाइडन प्रशासन से अब तक के सभी दस्तावेज भी तलब किए हैं।
एक शीर्ष हाउस रिपब्लिकन और हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के अध्यक्ष माइकल मैककॉल ने अमेरिकी विदेश सचिव एंटनी ब्लिंकन को एक पत्र भेजकर अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना की वापसी की जानकारी मांगी है। मैककॉल ने आरोप लगाया कि बाइडन प्रशासन ने अब तक दस्तावेज सौंपने से इनकार किया है, लेकिन वह अब औपचारिक रूप से पैनल के अध्यक्ष के रूप में उनके निर्देशों के अनुपालन का अनुरोध कर रहे हैं।
यूएस हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि अफगानिस्तान से बाइडन प्रशासन की अराजक और घातक निकासी के बाद देश फिर से आतंकवादियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बन गया है और अमेरिका के विरोधियों का हौसला बढ़ गया है। बयान में कहा गया है, कि अगस्त २०२१ की निकासी पर दस्तावेजों और सूचनाओं का अनुरोध करने के बावजूद बाइडन प्रशासन ने दस्तावेज सौंपने से इनकार कर दिया है।
आपको बता दें कि अगस्त, २०२१ में अफगानिस्तान से अमेरिकी सेना दो दशक की उपस्थिति के बाद पूरी तरह से हट गई थी। इसके साथ ही यहां सरकार को हटाकर तालिबान ने अपना कब्जा जमा लिया था। इसके बाद से अफगानिस्तान में आतंकवादी घटनाएं बढ़ गई हैं और महिलाओं के अधिकारों को फिर से सीमित कर दिया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top