137 Views
Priyanka Chopra holds Chello show screening, producer David Dubinsky shows glimpse

प्रियंका चोपड़ा ने रखी छेल्लो शो की स्क्रीनिंग, प्रोड्यूसर डेविड डबिन्सकी ने दिखाई झलक

लास एंजेलिस,१० जनवरी। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा बॉलीवुड के बाद हॉलीवुड में भी अपना नाम बना चुकी हैं। वह एक ग्लोबल आइकॉन हैं। अंतरराष्ट्रीय पटल पर वह भारतीय फिल्म इंडस्ट्री का प्रतिनिधित्व करती हैं। हाल ही में उन्होंने लॉस एंजेलिस में भारतीय फिल्म छेल्लो शो (लास्ट फिल्म शो) की स्क्रीनिंग का आयोजन किया। इसमें फिल्म और मीडिया जगत के जाने-माने लोगों ने शिरकत किया। अभिनेत्री द्वारा पान नलिन की इस फिल्म की स्क्रीनिंग की सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही है।
प्रोड्यूसर डेविड डबिनस्की ने कार्यक्रम से कई तस्वीरें और वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए हैं। इन वीडियो में प्रियंका भारत के बारे में लोगों को बताती नजर आ रही हैं। उनके आलीशान घर की झलकियां भी दिखाई दे रही हैं। डेविड ने कैप्शन में फिल्म के बारे में बताया। उन्होंने लिखा कि यह भारत के एक ग्रामीण लड़के की कहानी है, जिसे बड़े पर्दे पर फिल्म देखना अच्छा लगता है, लेकिन डिजिटल प्रोजेक्शन सारा खेल बदल देता है।
इस फिल्म के निर्देशक पान नलिन तो निर्माता सिद्धार्थ रॉय कपूर हैं। फिल्म में भाविन राबरी, भावेश श्रीमाली, ऋचा मीणा और दीपेन रावल लीड रोल में हैं। छेल्लो शो का प्रीमियर १० जून, २०२१ को २०वें त्रिबेका फिल्म फेस्टिवल में भी हुआ था। इस फिल्म फेस्टिवल में जाने वाली यह पहली गुजराती फिल्म है। मासूमियत, वास्तविकता और अलहदा तकनीक से सजी इस फिल्म की कहानी ने दुनियाभर के दर्शकों का दिल छू लिया। फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।
छेल्लो शो ऑस्कर में भारत की ओर से आधिकारिक प्रविष्टि थी, जिसे बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसके अलावा एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर के नाटु-नाटु म्यूजिक (ओरिजिनल सॉन्ग) श्रेणी में शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसके अलावा शौनक सेन की डॉक्युमेंटरी ऑल दैट ब्रीद्स भी ऑस्कर की रेस में आगे बढ़ी है। इनको लेकर भारतीय दर्शकों में खासा उत्साह है। अब ऑस्कर के लिए फाइनल नॉमिनेशन की घोषणा का इंतजार है।
प्रियंका चोपड़ा ने बॉलीवुड में अंदाज, ऐतराज, सलाम-ए-इश्क, कृष, मुझसे शादी करोगी, बर्फी, डॉन जैसी चर्चित फिल्मों ने नाम कमाया। इसके बाद प्रियंका ने टीवी सीरीज क्वॉन्टिको से हॉलीवुड में अपने सफर की शुरुआत की थी। यह सीरीज डिज्नी+ हॉटस्टार पर उपलब्ध है। काम के सिलसिले में अमेरीका में ही बस गईं। दिसंबर २०१८ में उन्होंने लोकप्रिय अमेरिकी सिंगर निक जोनस से शादी की थी। उनकी अगली बॉलीवुड फिल्म जी ले जरा काफी समय से लंबित है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top