139 Views

जेल में बंद महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली ,२८ मई । महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख का स्वास्थ्य ख़राब होने के बाद उन्हें अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है। सीने में दर्द, हाई बीपी और कंधे में दर्द की शिकायत के बाद जेल से उन्हें मुंबई के केईएम अस्पताल में पहुंचाया गया।

प्रवर्तन निदेशालय ने नवंबर २०२१ में कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पर कार्रवाई की थी। ७२ वर्षीय पूर्व गृह मंत्री पर पद पर रहते हुए तत्कालीन सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन वाझे के माध्यम से मुंबई में विभिन्न बारों व रेस्तरां से ४.७० करोड़ रुपये एकत्र करने के आरोप लगे थे। ईडी ने दावा किया कि इस पैसे को नागपुर स्थित श्री साईं शिक्षण संस्थान में भेज दिया गया। जिसका नियंत्रण देशमुख का परिवार करता है।

वहीं मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने भी पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख पर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि पद पर रहते हुए अनिल देशमुख ने उनसे मुंबई के कुछ चुनिंदा पुलिस अधिकारियों को रेस्तरां और बार से प्रति माह १०० करोड़ रुपये वसूलने के लिए कहा था। हालाकि अनिल देशमुख ने इन आरोपों से इन्कार किया। लेकिन बाद में आरोपों से घिरने कारण उन्हें अपना पद छोडऩा पड़ा था।

सीबीआई ने बाद में उन पर भ्रष्टाचार के एक मामले में मामला दर्ज़ किया। अदालत ने हाल ही में अनिल देशमुख की ओर से कंधे की सर्जरी करवाने की अनुमति मांगने वाली एक याचिका को कोर्ट ने ख़ारिज कर दिया था। जिसके बाद अब उनकी हालत ख़राब हुई है। उन्हें केईएम अस्पताल में आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top