मैंगलोर ,२७ मई । मौजूदा यूनिफॉर्म नियम में संशोधन करते हुए मंगलौर यूनिवर्सिटी ने परिसर में और कक्षाओं के भीतर हेडस्कार्फ पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया। यूनिवर्सिटी के इस फैसले का चौतरफा विरोध हो रहा है। हेडस्कार्फ पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के मंगलौर यूनिवर्सिटी सिंडिकेट के निर्णय को छात्रों और संकाय सदस्यों दोनों के प्रतिरोध और आलोचना का सामना करना पड़ा है। नया नियम यूनिवर्सिटी के छह संबद्ध कॉलेजों पर लागू होता है, जिसमें यहां यूनिवर्सिटी कॉलेज भी शामिल है।
यूनिफॉर्म की शॉल से सिर ढकने की थी इजाजत
इससे पहले, यूनिवर्सिटी कॉलेज में मुस्लिम लड़कियों को यूनिफॉर्म की शॉल से अपना सिर ढकने की इजाजत थी। लेकिन अब इसे भी खत्म कर दिया गया है। १६ मई को बेंगलुरु में सिंडिकेट की बैठक के बाद इस नियम को खत्म कर दिया गया था।
जिसके बाद छह कॉलेजों को १७ मई से नए नियम को लागू करने का निर्देश दिया गया था। यूनिवर्सिटी कॉलेज के प्रिंसिपल अनसूया राय ने बताया कि उन्होंने मुस्लिम लड़कियों को सिंडिकेट के फैसले का पालन करने के लिए कहा है।



