नई दिल्ली ,११ मई । उत्तराखंड में चंपावत विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर, प्रदेश के चार पूर्व मुख्यमंत्रियों समेत ४० दिग्गज नेता प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पक्ष में चुनाव प्रचार करते नजर आएंगे। चंपावत उपचुनाव के लिए भाजपा ने अपने ४० स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है।
इस सूची में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख एवं उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी के अलावा कई केंद्रीय मंत्रियों, पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों, सांसद, विधायक, धामी कैबिनेट के मंत्रियों के अलावा प्रदेश के चार पूर्व मुख्यमंत्रियों को भी शामिल किया गया है।



