कीव,०९ मई। रूस और यूक्रेन के बीच अभी भी घमासान युद्ध चल रहा है। पश्चिमी देशों का यूक्रेन को निरंतर समर्थन जारी है।इसी क्रम में पूर्वी यूक्रेन और खार्कीव में रूसी सेना के भीषण हमलों के बीच जिल बाइडन और जस्टिन ट्रूडो यूक्रेन पहुंचे। उन्होंने युद्ध के बीच में जीवन को सामान्य बनाने की गतिविधियां चलाने के लिए यूक्रेन सरकार और वहां के नागरिकों की हौसला अफजाई की। बाइडेन ने कहा, वह मदर्स डे (मातृ दिवस) पर यूक्रेन आना चाहती थीं जिससे कि वहां पर रहने वाली महिलाओं का हौसला बढ़े तथा वे और अधिक बहादुरी के साथ अपनी ज़िम्मेदारियां निभा सकें।
कैनेडा के प्रधानमंत्री ट्रूडो यूक्रेन के इरपिन शहर में पहुंचे। राजधानी कीव के नजदीक स्थित इस शहर पर युद्ध की शुरुआत में रूसी सेना ने कब्जा कर लिया था। लेकिन बाद में इसे खाली करके वापस चली गई। रूसी सेना के जाने के बाद यहां पर गोलियों से छलनी कई लाशें पाई गई थीं। अपने दौरे पर इरपिन में ट्रूडो ने युद्ध में हुई बर्बादी देखी।
यूक्रेन के मीडिया संस्थान ‘सस्पिलने’ और इरपिन के मेयर ओलेक्जेंद्र मार्कुशिन ने ट्रूडो के इरपिन दौरे की जानकारी दी। ट्रूडो के कार्यालय ने उनकी यूक्रेन यात्रा के बारे में पुष्टि की है। ट्रूडो के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जे़लेंस्की से मिलने गये हैं। बयान में यूक्रेन के लोगों के प्रति कैनेडा के अटूट समर्थन की बात को दोहराया गया है।



