नई दिल्ली,8 मार्च। आज विश्व भर में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को मनाए जाने का मुख्य उद्देश्य महिलाओं का सशक्तिकरण करना और उनकी आर्थिक, राजनीतिक, सामाजिक सहित विभिन्न क्षेत्रों में भागीदारी बढ़ाना और अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की थीम ‘एक स्थाई कल के लिए आज लैंगिक समानता’ है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाने के पीछे का उद्देश्य दुनियाभर में लैंगिक समानता का संदेश फैलाना है। इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियों और योगदान को चिह्नित करना और एक ऐसे समाज के निर्माण की दिशा में काम करना है जो सभी लैंगिक पूर्वाग्रहों, रूढ़ियों, लैंगिक समानता और भेदभाव से मुक्त हो।
हालांकि यह भी देखने को मिलता है कि अक्सर इस प्रकार के दिवस महज़ औपचारिक कार्यक्रम बन कर रह जाते हैं। हालांकि पिछले कुछ दशकों में शिक्षा के प्रसार के कारण महिला अधिकारों के प्रति समाज में काफी जागरूकता आई है। लेकिन अभी भी एक लंबा रास्ता तय किया जाना बाकी है। आवश्यकता इस बात की है कि इस तरह के कार्यक्रम महज कागजी न होकर सामाजिक भागीदारी के कार्यक्रम बने ताकि लैंगिक समानता का लक्ष्य हासिल किया जा सके।



