नई दिल्ली ,16 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद भवन परिसर में महान आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मोदी करीब पौने 11 बजे संंसद भवन परिसर में पहुंचे जहां लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी, संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल एवं राष्ट्रीय जनजातीय आयोग के अध्यक्ष फग्गन सिंह कुलस्ते भी उपस्थित थे। मोदी और बिरला ने झारखंड के आदिवासी समुदाय में भगवान की तरह पूज्य बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धा पूर्वक नमन किया। इस मौके पर आदिवासी कलाकारों के एक दल ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। प्रधानमंत्री ने कलाकारों के समीप जाकर उनसे बातचीत की और उत्साहवर्द्धन किया।
मोदी ने झारखंड स्थापना दिवस पर दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के सभी निवासियों को शुभकामनाएं दी है। मोदी ने सोमवार को ट्वीट किया, झारखंड के सभी निवासियों को राज्य स्थापना दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। अपनी विशिष्ट संस्कृति के साथ ऐतिहासिक पहचान रखने वाली भगवान बिरसा मुंडा की यह धरती विकास यात्रा में आगे बढ़े, यही कामना है।
प्रधानमंत्री ने जनजातीय नेता एवं महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा को आज उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की है। उन्होंने ट्वीट किया, भगवान बिरसा मुंडा को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। वह स्वतंत्रता आंदोलन को तेज धार देने के साथ-साथ आदिवासी समाज के हितों की रक्षा के लिए सदैव कार्यरत रहे। देश के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।



