156 Views

कैनेडा में रहस्यमय बीमारी का खतरा, अब तक 6 की मौत

टोरंटो,9 अक्टूबर। अभी कोरोना का कहर पूरी तरह से समाप्त भी नहीं हुआ था कि कनाडा के न्यू ब्रंसविक प्रांत में एक रहस्यमय बीमारी ने अपना शिकंजा फैलाना शुरू कर दिया है। इससे अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। दर्जनों लोग एक अज्ञात मस्तिष्क से जुड़ी बीमारी से ग्रस्त हो चुके हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिलहाल 48 लोग इस बीमारी से ग्रस्त बताए जाते हैं। अनेक लोगों ने इस अजीब बीमारी की वजह से भूलने और कन्फ्यूज हो जाने की शिकायत दर्ज कराई है। लोकल अथॉरिटी ने भी अब इस रहस्यमयी न्यूरोलॉजिकल सिंड्रोम के बारे जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। फिलहाल डॉक्टर्स भी इस बीमारी की वजह नहीं जान पा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस बीमारी की चपेट में आकर मारे गए छह लोगों की उम्र 18 से 85 के बीच थी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बीमारी से पीड़ित लोगाें ने दिमाग में थकावट की शिकायत की है। यह बीमारी लोगों में चिंता, चक्कर आना, मतिभ्रम, दर्द, भूलने की बीमारी को बढ़ा रही है। लोकल अथॉरिटी ने जांच के आदेश दे दिए हैं। बीमारी से प्रभावित एक लड़की ने बताया है कि उसे वही टीवी शो बार-बार देखने पड़ रहे हैं, क्योंकि वह नई जानकारी नहीं रख सकती। उसने अपनी मांसपेशियों पर भी नियंत्रण खो दिया है।
कैनेडा की सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी ने पिछले साल के अंत में इस क्षेत्र में असामान्य न्यूरोलॉजिकल मामलों के एक बड़े बैच के बारे में चेतावनी दी थी। एजेंसी ने बीमारी के कारण मरे लोगों के शव परीक्षण की जांच करके शुरुआती जानकारी जुटाई है। एजेंसी ने कहा है कि न्यू ब्रंसविक प्रांत अब खुद जांच का नेतृत्व कर रहा है। संघीय एजेंसी की भूमिका इसमें सहायक होगी।
वहीं रोगी सुरक्षा संगठन ‘ब्लड वॉच’ ने चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि अभी आगे नहीं पता कि कितने लोग इस रहस्यमयी बीमारी से पीड़ित हैं और कितने लोग मरेंगे। संगठन ने जोर देकर कहा है कि कैनेडा की सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी को जांच का नेतृत्व करना चाहिए। संघीय एजेंसी को तुरंत बीमारी के मूल कारणों को वजह तलाशनी चाहिए। साथ ही सभी वैज्ञानिक जांच और अनुसंधान किसी भी राजनीतिक दखल से मुक्त होने चाहिए। वहीं एजेंसी ने फेडरल सरकार से प्राप्त निर्देशों के अनुसार जांच करने की बात कही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top