143 Views

मस्जिद से पीने का पानी लेने पर हिंदू किसान परिवार को बंधक बनाकर किया प्रताड़ित

इस्लामाबाद,21 सितंबर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मस्जिद से पीने का पानी लेने पर हिंदू किसान परिवार को बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया। घटना यहां के रहीम यार खान जिले के चक-106 स्थित बस्ती कहूर खान की है। हिंदू अधिकार कार्यकर्ता पेट्‌टर जॉन भेल ने बताया कि यह घटना कुछ दिन पहले की है। आलम राम भील अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कपास के खेत में काम करते हैं। प्यास लगने पर उन्होंने मस्जिद के नल से पानी ले लिया। इस पर जमींदारों ने मस्जिद को नापाक (अपवित्र) करने का आरोप लगाते हुए पूरे परिवार को बंधक बना लिया। पेट्‌टर ने बताया कि जमींदारों ने परिवार को घंटों तक बंधक बनाकर रखा। बाद में स्थानीय बुजुर्गों के हस्तक्षेप के बाद रिहा कर दिया।’ इलाके के वरिष्ठ वकील फारूक रिंद कहते हैं कि हम भी बस्ती कहूर इलाके से हैं। यहां भील एक सदी से अधिक समय से रह रहे हैं। आरोपी जमींदार पहले भी हिंसा और मारपीट में शामिल रहे हैं।’ पार्टी के दक्षिण पंजाब अल्पसंख्यक इकाई के महासचिव युधिष्ठिर चौहान ने कहा, ‘घटना हमारे संज्ञान में है। लेकिन सांसद के प्रभाव के कारण हमने दखल नहीं किया। रसूखदार आरोपी सत्तारूढ़ सांसद के करीबी हैं। इसलिए शुरू में पुलिस ने रिपोर्ट लिखने में आनाकानी की। इसके विरोध में स्थानीय भील समुदाय धरने पर बैठ गया। आखिर पुलिस ने पीड़ित परिवार के मुखिया आलम राम भील की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली।पीड़ित परिवार के मुखिया आलम राम भील ने बात करते हुए कहा कि वह स्थानीय बुजुर्गों के साथ विवाद समाधान समिति के आभारी हैं जिन्होंने उक्त मामले में उनके परिवार की काफी मदद की। मैं उन सभी (हिंदू, मुस्लिम) बुजुर्गों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने हमारी मदद की और हमारे लिए न्याय प्राप्त करना आसान बना दिया। कुछ लोग हमारे बीच ज़हर घोल रहे हैं। यहां 200 गांव हिंदुओं के हैं, लेकिन पूरी आबादी हाशिये पर है
सामाजिक कार्यकर्ता पेट्‌टर कहते हैं कि हिंदू समुदाय के खिलाफ ऐसी घटनाओं को रोका जाना चाहिए। यहां 200 से अधिक हिंदू गांव हैं। भारत-पाकिस्तान बंटबारे के बाद से ही एक बड़ी तादाद में हिंदू आबादी यहां रहती है। लेकिन यह आबादी हाशिये पर रहने को मजबूर है। समय-समय पर, हम सरकारी अधिकारियों से पूरे देश में समुदायों के जीवन और संपत्तियों की रक्षा के लिए कड़े कदम उठाने का आग्रह करते रहे हैं। अगस्त में भी इस जिले के भोंग टाउन में उग्र भीड़ ने एक हिंदू मंदिर पर हमला बोल कर उसे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस हमले के बाद से दहशत में बड़ी संख्या में हिंदू आबादी इलाका छोड़ दूरदराज के इलाकों में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए थे। उन लोगों में भय व्याप्त हो गया था। हालांकि, मंदिर हमले में शामिल संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया था और पंजाब सरकार ने मंदिर का पुनर्निर्माण कराया था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top