टोरंटो,27 जुलाई। एक स्थानीय रेस्तरां ने बिना टीकाकरण वाले अपने सभी ग्राहकों से रेस्टोरेंट के बाहर बैठने का अनुरोध किया है।
यॉर्क में 337 ओकवुड एवेन्यू में स्थित ओकवुड हार्डवेयर फूड एंड ड्रिंक के मालिक और शेफ ऐनी सोरेंटी ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह घोषणा की।
सोरेंटी ने अपने पोस्ट में कहा है कि मौसम के मिजाज और रेस्टोरेंट में डाइनिंग क्षमता की सीमाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों से सम्मानपूर्वक पूछा जाता है कि यदि उन्होंने वैक्सीन नहीं ली है तो वह उपलब्ध होने पर बाहर भोजन करने का विकल्प प्रयोग करें। रेस्टोरेंट के सभी कर्मचारियों ने वैक्सीन लगवा ली है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय वैक्सीन पर बहस करने के लिए नहीं है।
गौरतलब है कि हाल ही में प्रीमियर डग फोर्ड ने भी वैक्सीन पासपोर्ट के विचार पर अपने विरोध प्रकट किया था।
हालाँकि,इस बीच ओकवुड हार्डवेयर ने यह स्वीकार किया है कि उनके निर्णय से उन्हें कुछ ग्राहक खोने पड़ सकते हैं।



