234 Views

अमेरिका और कैनेडा में हीट वेव्स का तांडव, सैकड़ों की मौत

वाशिंगटन/ओटावा,2 जुलाई। अमेरिका और कैनेडा में हीटवेव के कारण हाहाकार मचा हुआ है। इससे मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, कैनेडा के ब्रिटिश कोलंबिया और अमेरिकन स्टेट वाशिंगटन और ओरेगॉन में सैकड़ों लोगों की मौत हुई है। भीषण गर्मी का सामना कर रहे अमेरिका और कैनेडा में एयर कंडीशनर और पंखे के बिना घरों में कई लोग मृत पाए गए और इनमें से कुछ बुजुर्ग भी शामिल हैं।
मौसम विज्ञानियों ने पेसिफिक नॉर्थवेस्ट एरिया और पश्चिमी कैनेडा में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी की चेतावनी दी थी। इस चेतावनी के मद्देनजर अधिकारियों ने कूलिंग सेंटर्स बनाए, बेघर लोगों को पानी वितरित किया और कई अन्य कदम उठाए। फिर भी शुक्रवार से मंगलवार तक सैकड़ों लोगों के गर्मी की वजह से मारे जाने की आशंका है। नॉर्थ वेस्ट रीजन के अंदरुनी इलाकों और पश्चिमी कैनेडा में अभी भी भयंकर गर्मी की चेतावनी जारी की गई है।
अमेरिका में ओरेगन राज्य की एक नर्सरी में एक प्रवासी मजदूर का शव पाया गया। ओरेगन के मेडिकल ऑफिसर ने बृहस्पतिवार को बताया कि अकेले इस राज्य में मृतकों की संख्या 79 पर पहुंच गयी है और ज्यादातर मौतें मुल्टनोमा काउंटी में हुई है। वाशिंगटन स्टेट ऑफिशियल ने गर्मी के कारण 20 से अधिक लोगों के मरने की खबर दी है लेकिन यह संख्या बढ़ सकती है। अमेरिका के सिएटल, पोर्टलैंड तथा कई अन्य शहरों में भी गर्मी के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं और कुछ जगहों पर तो पारा 46 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है।
कनाडा में ब्रिटिश कोलंबिया की मुख्य कोरोनर लीजा लैपोइंते ने बताया कि उनके कार्यालय को शुक्रवार से बुधवार दोपहर के बीच कम से कम 486 लोगों की ‘‘अचानक और अप्रत्याशित मौत’’ होने की रिपोर्ट्स मिली हैं। हालांकि यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि इनमें से कितनी मौत गर्मी की वजह से हुई हैं लेकिन मौसम को देखते हुए गर्मी की वजह से ही ये मौत होने की आशंका है। उन्होंने गर्मी के भयंकर रूप को देखते हुए लोगों से घरों में रहने की अपील की। साथ ही उन्होंने बेघर लोगों के लिए चलाए जा रहे सरकारी उपायों को नाकाफी बताते हुए बेतहाशा गर्मी के कारण और अधिक जनहानि होने की आशंका भी जताई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top